पूर्व मंत्री डाॅ. दिगम्बर सिंह बीस सूत्री कार्यक्रम की राज्य स्तरीय समिति के उपाध्यक्ष मनोनीत

राज्य सरकार ने पूर्व मंत्री डाॅ. दिगम्बर सिंह को बीस सूत्री कार्यक्रम के आयोजन, क्रियान्वय एवं समन्वय के लिए गठित राज्य स्तरीय समिति का उपाध्यक्ष मनोनीत किया है।

राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार डाॅ. सिंह को कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त होगा। उल्लेखनीय है कि डाॅ. सिंह का जन्म वर्ष 1951 में भरतपुर जिले के बरखेड़ा फौजदार ग्राम में हुआ। उन्होंने जोधपुर मेडिकल काॅलेज से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की। वर्ष 1993 में वे पहली बार विधायक चुने गए। डाॅ. सिंह 12वीं एवं 13वीं विधानसभा में भी विधायक चुने गए। वे राजस्थान में पिछली भाजपा सरकार में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा उद्योग मंत्री रहे।

डाॅ. सिंह को बीस सूत्री कार्यक्रम की राज्य स्तरीय क्रियान्वयन समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर संसदीय कार्यमंत्री श्री राजेन्द्र राठौड़ एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

डाॅ. दिगम्बर सिंह ने अपने मनोनयन पर मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे तथा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि जो जिम्मेदारी मुख्यमंत्रीजी ने मुझे सौंपी है उसका मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करूंगा।

जयपुर, 26 जून 2015