मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में प्रदान किये “देवी द संडे स्टैण्डर्ड वुमेन्स अवार्ड”

जयपुर 17 दिसम्बर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने बुधवार को सायं नई दिल्ली के मौर्य शैरेटन होटल में आयोजित भव्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाये  प्रदान करने वाली 19 बहुमुखी प्रतिभा की धनी महिलाओं को ’’देवी द संडे स्टैंडर्ड वुमेन्स अवार्ड‘‘ प्रदान किए।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित श्रीमती राजे ने अवार्ड प्रदान करने के मौके पर सभी सम्मानित महिलाओं द्वारा किए गए सामाजिक उत्थान एवं जागरूकता फैलाने के प्रयासों की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि द न्यू इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के द संडे स्टैण्डर्ड द्वारा दिये जाने वाले ये पुरस्कार ऐसी महिलाओं को प्रदान किए जाते है जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्रा मे  बेहतर एवं उल्लेखनीय कार्य करके समाज के कल्याण में महत्वपूर्ण योगदान देकर उदाहरण प्रस्तुत किए हैं।

श्रीमती राजे ने राजस्थान का उदाहरण देते हुए कहा कि राज्य में महिलाएं माइक्रो क्रेडिट आॅर्गेनाइजेशन के माध्यम से छोटे-छोटे उद्योग-धंधे चलाती हैं तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की वहां बहुत अच्छी साख है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण से ही समाज का सशक्तीकरण संभव है।

बदल रही है गांवों की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तस्वीर बदल रही है। महिलाएं पुरूषों के पीछे नहीं बल्कि कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। ग्राम पंचायतों की भी तस्वीर बदल रही है। अब वहां युवा महिला सरपंच गांव के विकास में अपना योगदान दे रही है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण अंचलों में शौचालय के अभाव में अब लड़कियां स्कूल नहीं छोड़ रही हैं। राज्य सरकार स्कूलों में शौचालय बनवाने पर विशेष जोर दे रही है। श्रीमती राजे ने प्रधानमंत्री की ओर से स्कूलों में शौचालय बनाने की अपील का स्वागत किया और कहा कि यह बहुत अच्छी पहल है।

सच नहीं इतिहासकारों की राय
श्रीमती राजे ने अपने व्यक्तिगत जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि महिलाओं के बारे में इतिहासकारों की राय सच नहीं है। एक मां, एक संरक्षक और एक राजनेता के रूप में उन्होंने समन्वय रखते हुए अपने जीवन में ऊंचाइयों एवं सफलता की सीढि़यों पर चढ़ने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि उनके जैसी हर महिला अनेकों चुनौतियों से संघर्ष करते हुए और आलोचनाओं के बावजूद नई ऊंचाइयों को छूना चाहती हैं।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में द न्यू इंडियन एक्सप्रेस गु्रप के गु्रप एडिटर श्री प्रभु चावला ने श्रीमती राजे का स्वागत किया। इस अवसर पर केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री श्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़, सांसद श्री दुष्यंत सिंह तथा अन्य कई जानी-मानी हस्तियां भी मौजूद थीं।