मुख्यमंत्री ने किया महाराणा प्रताप की प्रतिमा का लोकार्पण

जयपुर, 15 अगस्त। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने शुक्रवार को उदयपुर के नगर निगम परिसर में शहीद स्मारक के सामने लगाई गई महाराणा प्रताप की मूर्ति व शौर्य दीर्घा का दीप प्रज्जवलित कर लोकार्पण किया।

शौर्य दीर्घा में देश की आजादी के शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों व अन्य महान विभूतियों की प्रतिमाएं रखी गई हैं एवं उनका जीवन परिचय अंकित किया गया है। दो कमरों में कुल 34 प्रतिमाएं हैं, जबकि मुख्य बरामदे में भारत माता की प्रतिमा स्थापित की गई है।

इससे पहले मुख्यमंत्री को शहीद स्मारक पर सशस्त्र सलामी दी गई। श्रीमती राजे ने पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धान्जलि दी।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पचायतीराज मंत्री श्री गुलाबचंद कटारिया एवं महापौर रजनी डांगी सहित अधिकारी, गणमान्यजन एवं आम नागरिक उपस्थित थे।

प्रताप गौरव संस्थान का अवलोकन किया

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने उदयपुर शहर के निकट स्थित बड़ी में प्रताप गौरव संस्थान का भी अवलोकन किया। यहां पहाड़ों की चोटी पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। श्रीमती राजे ने प्रतिमा के निर्माण कार्य का अवलोकन किया।