विकास के लिए रखी दी गई है मजबूत नींव

जयपुर, 19 अक्टूबर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने कहा कि उनकी सरकार कांग्रेस की तरह विकास के लिए खोखले एवं कमजोर मकान की बजाय राजस्थान में विकास की ठोस और मुकम्मल इमारत तैयार करेगी। इसके लिए उनकी सरकार ने मजबूत नींव रख दी है। जिसके परिणाम जल्द ही सामने आयेंगे।

देश और प्रदेश में चमत्कारिक रूप से विकास होगा
उन्होंने यह भी कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने देश में मंहगाई पर नियंत्रण करने की दिशा में सफलता अर्जित करना शुरू कर दिया है, परिणाम स्वरूप पैट्रोल और डीजल के दामों में भारी गिरावट आई है। यह तो महज छः माह का ट्रेलर है। पांच साल में देश और प्रदेश में चमत्कारिक रूप से विकास होगा।

झारखण्ड और बिहार भी जीतेंगे
श्रीमती राजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में महाराष्ट्र और हरियाणा में भाजपा को मिली ऐतिहासिक कामयाबी के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि एक वक्त था जब भाजपा के सिर्फ दो ही सांसद थे। आज हमने मोदी जी के नेतृत्व में जनता के आशीर्वाद से देश में स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाई है। भाजपा एक के बाद एक राज्य में विजयश्री प्राप्त करती जा रही है और वो दिन दूर नहीं जब देश के अन्य राज्यों में भी भाजपा का परचम लहरायेगा। महाराष्ट्र और हरियाणा के बाद निश्चित रूप से हम झारखण्ड और बिहार भी जीतेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हरियाणा और महाराष्ट्र में स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने का जो फैसला लिया वह भाजपा की एक दूरगामी सोच है। जिसका लाभ दोनों राज्यों में मिला है।

महाराष्ट्र और हरियाणा की जीत
मोदी जी के करिश्माई नेतृत्व का परिणाम
श्रीमती राजे ने कहा कि महाराष्ट्र-हरियाणा में मिला यह ऐतिहासिक जनादेश हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी की लोकप्रियता, उनके करिश्माई कुशल नेतृत्व और भारतीय जनता पार्टी की नीतियों का परिणाम है। यह हमारे पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, सभी वरिष्ठ नेताओं सहित भाजपा संगठन के ग्रासरूट लेवल तक के कार्यकर्ता की भी जीत है। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह जी सहित तमाम भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और महाराष्ट्र तथा हरियाणा की जनता को हार्दिक बधाई देती हूं। हमारी यह जीत कांग्रेस मुक्त भारत की दिशा में एक और मजबूत कदम है। इस जीत ने साबित कर दिया है कि देश की जनता भारतीय जनता पार्टी में विश्वास करती है। यह जीत यह भी संदेश देती है कि हमारी केन्द्र और राज्यों की भाजपा सरकारों ने विकास की दृष्टि से अच्छा काम किया है। मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में राजस्थान के उन सभी कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया जिन्होंने महाराष्ट्र और हरियाणा चुनाव में कड़ी मेहनत की।

निकाय चुनाव में भी जीतेगी भाजपा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले 46 निकाय चुनाव में निश्चित रूप से भाजपा जीतेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सब एकमुखी होकर यह चुनाव लड़े। जीत निश्चित रूप से भाजपा की ही होगी।

विकास के लिए होंगे सिंगापुर के साथ एमओयू
उन्होंने कहा कि सिंगापुर का दौरा राजस्थान के विकास के लिए कारगर साबित होगा। उनकी सरकार सिंगापुर के साथ प्रदेश के विकास को लेकर एमओयू करेगी। अगले वर्ष अक्टूबर में आयोजित रिसर्जेन्ट राजस्थान में सिंगापुर की भी भागीदारी होगी। यह रिसर्जेन्ट राजस्थान प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने में सहायक होगा। हमारा वादा 15 लाख बच्चों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने का है उसे हम पूरा करेंगे।

पुरोहित और लोढ़ा को बधाई दी
श्रीमती राजे ने अपने भाषण में महाराष्ट्र से निर्वाचित हुए राजस्थान मूल के विधायक राज.के. पुरोहित और मंगल लोढ़ा को बधाई दी और उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा में हमारे राजस्थान का भी प्रतिनिधित्व है।

पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष श्री अशोक परनामी ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री काली चरण सर्राफ, प्रदेश महामंत्री श्री बाबूलाल वर्मा और श्री कुलदीप धनखड, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर मीणा एवं दिगम्बर सिंह सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।

[slideshow]