मुख्यमंत्री से मिले प्रदेशभर के भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने शुक्रवार को अपने राजकीय आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं, संगठन पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी भी उनके साथ थे।

श्रीमती राजे ने विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आये भाजपा कार्यकर्ताओं एवं संगठन पदाधिकारियों से मध्यान्ह पूर्व में लगभग तीन घंटे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासनिक व राजनीतिक फीडबैक लिया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं तथा चैमू से आये किसान प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्थान के इतिहास में पहली बार ओलावृष्टि के बाद राज्य सरकार द्वारा किसानों को 33 प्रतिशत खराबे पर मुआवजा दिया गया, जो कि एक सराहनीय कदम है। इस दौरान ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की अंजुमन कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दरगाह का मोमेंटो भेंट किया।

मुख्यमंत्री ने अपने निवास पर मध्यान्ह पश्चात विभिन्न जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर फीड बैक लिया तथा क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। श्रीमती राजे से बीकानेर, पाली, जालौर, टोंक, सीकर, भीलवाड़ा, दौसा, झुंझुनूं, गंगानगर, अजमेर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने मुलाकात की।

जयपुर, 22 मई 2015

DSC_1046-post-img