मोदी सरकार का पहला वर्ष, देश के विकास में मील का पत्थर

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का एक वर्ष कामयाबी भरा रहा है। इस एक वर्ष में केन्द्र सरकार द्वारा उठाये गये कदम देश के विकास में मील के पत्थर साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी की एनडीए सरकार का एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में 26 से 31 मई तक जनकल्याण पर्व पूरे प्रदेश में मनाया जायेगा। इस पर्व के माध्यम से एनडीए सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जायेगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी कार्यकर्ता और सभी जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।

श्रीमती राजे मोदी सरकार के 26 मई को एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुलाई गई बैठक को सम्बोधित कर रही थीं।

मुख्यमंत्री हर शुक्रवार को कार्यकर्ताओं से मिलेंगी

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि वे प्रत्येक शुक्रवार कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से मिलेंगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को वह अपने सरकारी आवास 13 सिविल लाइंस पर दोपहर पूर्व संगठन के कार्यकर्ताओं तथा दोपहर बाद संगठन से जुडे़ जनप्रतिनिधियों से मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के लिए उनकी सरकार ने पहली बार स्थानीय स्तर पर व्यवस्था की है, जो ब्लाॅक और जिला स्तर पर की जा रही है। राजस्थान सम्पर्क पोर्टल और हैल्पलाइन के माध्यम से भी आमजन की समस्याओं के शीघ्र और सरल समाधान की व्यवस्था की गई है, जिससे आम लोगों को राजधानी के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और उनका समय व पैसा भी बर्बाद न हो। जनसुनवाई की व्यवस्था मुख्यमंत्री आवास पर भी है, जहां अधिकारी लोगों के अभाव-अभियोग सुनकर त्वरित निस्तारण करते हैं। इसके अलावा कार्यकर्ताओं की जनसुनवाई के लिए पार्टी कार्यालय में मंत्री नियमित रूप से जनसुनवाई कर रहे हैं।

सभी चुनाव हों एक साथ

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा, विधानसभा, पंचायतीराज और नगरीय निकायों के चुनाव अलग-अलग समय पर होने के कारण काफी समय आचार संहिता लगी रहती है। बार-बार चुनाव होने के कारण राजकोष पर अधिक भार पड़ता है। साथ ही सरकारों को काम करने का भी समय कम मिलता है। इसलिये देश में सभी चुनाव एक साथ होने चाहिए।

जनकल्याण पर्व को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित इस बैठक को पार्टी के राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री श्री सौदान सिंह, प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी तथा गृहमंत्री श्री गुलाबचंद कटारिया ने भी सम्बोधित किया।

जयपुर, 20 मई 2015